बिचौलिए सरकारी कट्टों में पैक कर रहे अनाज, कोई रजिस्ट्रेशन-जीएसटी नहीं

मोहसिन खान सैफ़नी रामपुर
शाहबाद में बिचौलियों द्वारा चलाए जा रहे अवैध गेहूं खरीद केंद्रों का मामला सामने आया है। तहसील क्षेत्र के ग्राम अलफगंज में हाईवे किनारे एक बिचौलिए ने भारत ट्रेडिंग कंपनी के नाम से गेहूं खरीद केंद्र खोल रखा है।
जांच में पता चला कि इस केंद्र का न तो कोई रजिस्ट्रेशन है और न ही जीएसटी नंबर है। केंद्र पर उत्तर प्रदेश सरकार का मार्का लगे प्लास्टिक के कट्टे बड़ी संख्या में मिले। दुकान के संचालक सतपाल सिंह ने स्वीकार किया कि उनके पास कोई वैध रजिस्ट्रेशन या आदेश नहीं है।
जब इस बारे में पूछताछ की गई तो एक वारिस अली नाम के व्यक्ति ने फोन पर दावा किया कि उन्हें इस क्षेत्र में मोबाइल क्रय केंद्र खोलने का आदेश है। हालांकि, जब आदेश की कॉपी मांगी गई तो दिखाया गया लेटर इस केंद्र से संबंधित नहीं था।
केंद्र पर भारी मात्रा में गेहूं का स्टॉक और सरकारी मार्का वाले कट्टों का जखीरा मिला है। इस तरह की अवैध खरीद से सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है।





