नगर पंचायत कर्मियों से अभद्रता और मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग पर हड़ताल

सुमित कश्यप
संवाददाता
शाहबाद। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वर्तमान सभासद और पूर्व सभासद पर अपने साथियों के साथ नगर पंचायत कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। नगर पंचायत के लिपिक नावेद मियां ने कोतवाली शाहबाद में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी कार्यालय सभागार में पहुंचे और लिपिक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनके कपड़े फट गए। आरोप है कि इस दौरान कार्यालय में रखे सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए तथा एक लाख रुपये नकद छीन लिए गए।
शिकायत में बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे दिव्यांग सफाई कर्मचारी संजीव कुमार के साथ भी मारपीट की गई और उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने कोतवाली शाहबाद में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई की मांग को लेकर नगर पंचायत कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





